हनुमानगढ़। जिले में इंडियन प्रीमियर लीग मैचों के दौरान सक्रिय सट्टा गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान 14 लाख 25 हजार रुपये नकद, 9 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट और सट्टा गतिविधियों से जुड़े विस्तृत हिसाब-किताब के दस्तावेज बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वार्ड नंबर 34 निवासी दीपक कुमार (32) और वार्ड नंबर 23, रामसिंह कॉलोनी निवासी विकास उर्फ जिमी (46) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगवा रहे थे और स्थानीय स्तर पर एक संगठित नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि आईपीएल सीजन के दौरान सट्टा गतिविधियों में तेजी आने की आशंका को देखते हुए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।

विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद टाउन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के ठिकाने पर दबिश दी और मौके से उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान बरामद किए गए मोबाइल और लैपटॉप में सट्टा से संबंधित एप्लिकेशन, लेन-देन का डिजिटल रिकॉर्ड और ग्राहकों की सूची मिलने की भी संभावना जताई जा रही है। पुलिस इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच कर रही है, जिससे गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के विस्तार का पता लगाया जा सके। इस मामले में टाउन थाना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। जांच का जिम्मा थानाधिकारी अशोक बिश्नोई को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है, जिससे इस अवैध सट्टा कारोबार के बड़े नेटवर्क तक पहुंचा जा सकेगा। इस पूरी कार्रवाई में एसआई मोहर सिंह, एएसआई रामकुमार, हेड कांस्टेबल महंगा सिंह, प्रदीप सिंह, शंकर बागड़ी और कांस्टेबल भीमसेन सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध सट्टा गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
