चूरू। जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महज पांच दिनों में 11 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान 8 से 12 अप्रैल तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाया गया, जिसमें कुल 8 मामले दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि कार्रवाई के दौरान 80.701 ग्राम हेरोइन, 2.133 किलोग्राम डोडा पोस्त चूरा, 3 किलो 270 ग्राम अफीम और 100 ट्रमाडोल की नशीली गोलियां जब्त की गई हैं। जब्त मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा, तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक, एक कार और एक बाइक को भी जब्त किया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 52 लाख रुपये है। एसपी ने बताया कि हाल के दिनों में युवाओं के बीच नशे का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे स्कूल और कॉलेज के छात्र भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि नशे की लत न केवल युवा पीढ़ी के भविष्य को बर्बाद कर रही है, बल्कि समाज और परिवारों पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल रही है। पुलिस ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए नशा तस्करों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9950077191 जारी किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
