हनुमानगढ़। जिले में संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर आज़ाद समाज पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने की। इस बैठक में संगठन विस्तार, जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पार्टी नेतृत्व ने संगठनात्मक फेरबदल करते हुए तेजाराम नायक को हनुमानगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। नियुक्ति की घोषणा होते ही उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने तेजाराम नायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रेवंतराम पंवार ने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही किसी भी राजनीतिक दल की सफलता की कुंजी होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि तेजाराम नायक संविधान के दायरे में रहकर पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करें तथा आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएं। उन्होंने कहा कि आज़ाद समाज पार्टी समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों की आवाज़ बनने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे इस विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। तेजाराम नायक ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पार्टी को ब्लॉक स्तर पर मजबूत करना, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ना और जनता की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उच्च स्तर तक पहुंचाना रहेगा। बैठक में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही। भीम आर्मी के तहसील अध्यक्ष रूपसिंह सहित देवीलाल, हेतराम मेघवाल, जेठाराम नायक, हजारीलाल, भंवरलाल, गोमाराम, मनफूलराम, दुलीचंद, घनश्याम डागला, गोरखाराम, सुखराम व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक के समापन अवसर पर सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त किया जाएगा और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया कि तेजाराम नायक के नेतृत्व में हनुमानगढ़ ब्लॉक में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।
