हनुमानगढ़। जिले के जंक्शन थाना क्षेत्र में उधारी के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि पैसे मांगने पर आरोपियों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकियां भी दीं। इस संबंध में थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।शिकायतकर्ता आकाश पुत्र संजय कुमार, निवासी वार्ड नंबर 09, सेक्टर 12, हनुमानगढ़ जंक्शन ने बताया कि उसने विक्रम कुमार उर्फ बंटी से लगभग 14,500 रुपये लेने थे। जब उसने 14 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने साफ तौर पर पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद फोन पर बातचीत के दौरान आरोपी ने कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बाद में विक्रम कुमार ने अपने रिश्तेदार योगेश एवं अन्य साथियों को साथ लेकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित को अपशब्द कहे और धमकी दी कि वह हर महीने नगरपालिका से एक लाख रुपये वसूलता है, इसलिए उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़ित का कहना है कि इस घटना के दौरान आरोपियों ने एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो चुकी है, जो मामले की सच्चाई को स्पष्ट कर सकती है। घटना के बाद वार्ड पार्षद के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी पक्ष का रवैया आक्रामक बना रहा।

पीड़ित के अनुसार, आरोपी विक्रम कुमार, उसके भतीजे योगेश और अन्य साथियों ने समूह में मोटरसाइकिलों पर आकर उसके घर के सामने शक्ति प्रदर्शन किया और परिवार को डराने-धमकाने की कोशिश की। इससे पीड़ित और उसके परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी घटना घट सकती है। अंत में पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

