हनुमानगढ़। जिले के मक्कासर गांव में मंगलवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर दो ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार, आग मक्कासर गांव की गली नंबर 6 में रामरख खीचड़ के घर के बाहर खड़े वाहनों में लगी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण ट्रैक्टर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग अचानक भड़की और कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों और घने धुएं से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी मीनाक्षी, थानाधिकारी रामचंद्र कसवां और एएसआई हंसराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि खड़े वाहनों को बचाने का मौका नहीं मिल सका। हालांकि, समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के मकानों को नुकसान होने से बचा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने भी दमकल कर्मियों का सहयोग करते हुए पानी डालकर आग को फैलने से रोकने में मदद की। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई है। अधिकारियों के अनुसार, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन काफी आर्थिक नुकसान हुआ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
