हनुमानगढ़। क्षेत्र के ढाबा गाँव, हरिपुरा, दिनगढ़, भगतपुरा, भखरावाली और संतपुरा में गैस आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि हरि इंडेन गैस एजेंसी द्वारा इन सभी गांवों में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का मौके पर जाकर जायजा लिया गया। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि गैस वितरण प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही है तथा कहीं भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता देखने को नहीं मिली।

एजेंसी में कार्यरत कर्मचारी नरेंद्र कुमार और सतवीर सिंह अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और मेहनत के साथ करते हुए पाए गए। उनकी कार्यशैली और सेवा भावना की सराहना भी की गई। निरीक्षण के बाद बलकौर सिंह ढिल्लों ने कहा कि आम जनता को मूलभूत सुविधाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना ही सुशासन की पहचान है। उन्होंने एजेंसी के सभी कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह की जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ उपभोक्ताओं को सेवाएं प्रदान की जाती रहेंगी।
