-शत-प्रतिशत परिणाम से लिटिल हार्ट स्कूल ने रचा कीर्तिमान
हनुमानगढ़। लिटिल हार्ट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के उपलक्ष्य में भव्य “सम्मान समारोह एवं विजय उत्सव” का आयोजन किया गया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने और विद्यार्थियों द्वारा रिकॉर्ड अंक प्राप्त करने पर पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या दया गोयल द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों और अभिभावकों का अभिनंदन किया। समारोह का मुख्य आकर्षण बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान रहा। परीक्षा में नीतू (95.17%), चंचल (93.67%), जयत्री (92.83%), रक्षित (92.67%), आंचल (90.83%), जय सिंह (90.67%), जयंत (90.67%), गौरव (90.00%), स्वाति (89.33%), हर्षिता (89.33%), चारू (88.67%), अंशुल (88.33%), रिशिका (88.33%), पुष्पेंद्र (87.67%), दीक्षा (87.33%), कलश (87.33%), भव्य (89.67%), प्रतिज्ञा (86.33%), बंदना (86.33%) तथा हर्षिता (85.50%) प्रमुख रहे। इन विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से साफा पहनाकर ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्या दया गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता केवल अंकों का परिणाम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अथक परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। समारोह में उपस्थित अभिभावकों मांगीलाल, मंजू सुथार, हनुमान प्रसाद, प्रवीण कुमार, बृजमोहन, संजय कुमार और रामचंद्र ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण तथा शिक्षकों की मेहनत की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन द्वारा सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का मुंह मीठा कराया गया तथा सामूहिक फोटो सेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ हिम्मत सिंह, मंजूर अली, नितेश बंसल, छगन जोशी, पिंकी रानी, शीतल शर्मा, रश्मि धुडिया और शीनम अरोड़ा सहित गैर-शैक्षणिक स्टाफ भी उपस्थित रहा।
