हनुमानगढ़। श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की कॉस्ट्यूम डिजाइन एवं ड्रेस मेकिंग डिप्लोमा शाखा की छात्राओं ने बोर्ड ऑफ टेक्निकल एजुकेशन राजस्थान (बीटीईआर) के घोषित परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है। डिप्लोमा के तीनों वर्षांे के परिणामों में छात्राओं ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया है। घोषित परिणामों में छात्रा नवजोत कौर और राधिका ने परफेक्ट 10 सीजीपीआई प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। इसके अलावा नताशा, प्रियंका, प्रतिभा, आशामनदीप, दिव्या, खुशी, अमनदीप और अर्शदीप ने 9.8 से अधिक सीजीपीआई प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया। संस्थान प्रबंधन के अनुसार यह सफलता छात्राओं को दी जा रही उच्च गुणवत्ता की शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रचनात्मक मार्गदर्शन का परिणाम है। छात्राओं की इस उपलब्धि ने संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को और मजबूत किया है। संस्थान के शैक्षणिक निदेशक आनन्द जैन ने सभी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षकों के प्रभावी मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने फैकल्टी टीम दिव्या शर्मा, मोनिका चावला, नवजोत कौर, लवप्रीत और हरमन के योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। वहीं संस्थान की प्राचार्य दिव्या शर्मा ने बताया कि फैशन डिजाइन, परिधान निर्माण और गारमेंट उद्योग में करियर बनाने की इच्छुक छात्राओं के लिए नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि संस्थान में आधुनिक तकनीकों, प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और उद्योगोन्मुख शिक्षा के माध्यम से छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष जोर दिया जाता है। उन्होंने अभिभावकों और छात्राओं से अपील की कि वे फैशन डिजाइन के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य के लिए संस्थान से जुड़ें और इस सफलता की परंपरा को आगे बढ़ाएं।
