हनुमानगढ़। लंबित पदोन्नतियों, कैडर सुदृढ़ीकरण और 11 सूत्री मांगों की अनदेखी से नाराज ग्राम विकास अधिकारियों ने एक बार फिर आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ ने पिछले वर्ष स्थगित किए गए पदोन्नति नहीं तो काम नहीं आंदोलन को पुन: शुरू कर दिया है। प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत सोमवार को हनुमानगढ़ में ग्राम विकास अधिकारियों ने जिला कलक्ट्रेट और जिला परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम एसडीएम व मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपे गए। संघ के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र गोदारा ने बताया कि पदोन्नति सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर यह आंदोलन लंबे समय से चल रहा है। गत वर्ष 8 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के चलते आंदोलन स्थगित किया गया था, जिसे अब पुन: शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत 20 मार्च को असंवैधानिक ग्राम सभाओं का बहिष्कार किया गया था।

उनका आरोप है कि सरकार बार-बार ऐसी ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्राम विकास अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि वीडीओ ने एसडीएम और जिला परिषद सीईओ का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसके तहत 8 अप्रैल को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।

इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर 9 अप्रैल से सिविल लाइंस, जयपुर में बेमियादी धरना शुरू किया जाएगा। इस मौके पर वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश खटोतिया, हनुमानगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम कुमार, संगरिया ब्लॉक अध्यक्ष अमर सिंह बिश्नोई, पीलीबंगा ब्लॉक अध्यक्ष सुशील कुमार, टिब्बी ब्लॉक अध्यक्ष सनी गोदारा सहित आजाद कुमार, कर्मदीप सिंह, आनंद करण, नंदकिशोर वर्मा, दुलीचंद, सतीश चमोली, शिवचरण मीणा, विक्रम मीणा, कैलाश चंद्र, भागवंती चौहान, कमला देवी, प्रिया कुमारी, तारादत्त शर्मा, इकबाल सिंह, नक्षत्र सिंह, अमरीक सिंह, मोहर सिंह, सुभाष व गोरखाराम मौजूद रहे।
