हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड की इकाई गुड डे डिफेन्स स्कूल (स्वीकृत न्यू सैनिक स्कूल) के 11 स्काउट-गाइड का चयन राज्य पुरस्कार अवार्ड रैली के लिए हुआ है। यह रैली 9 से 13 फरवरी तक जगतपुरा, जयपुर में आयोजित की जाएगी। चयनित स्काउट-गाइड को इस दौरान राज्यपाल की ओर से सम्मानित किया जाएगा, जो विद्यालय एवं जिले के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। राज्य पुरस्कार के लिए चयनित स्काउट में मेघश्याम, पुलकित, कृष्ण गोला, डिशाल देओरी एवं अजय गंगवार शामिल हैं, जबकि गाइड वर्ग में खुशी यादव, दृष्टि, सिद्धि, हिमांशिका, लिहिनो एवं बारुनी का चयन हुआ है। इन विद्यार्थियों ने स्काउट-गाइड गतिविधियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह उपलब्धि प्राप्त की है। इस मौके पर विद्यालय के चेयरपर्सन वरुण यादव ने चयनित स्काउट-गाइड को बधाई देते हुए कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करता है। प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने इसे विद्यालय की अनुशासनात्मक संस्कृति और निरंतर प्रशिक्षण का परिणाम बताया। निदेशक एलपी जैन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं। प्रधानाचार्य एन्थोनियम्मा पी ने चयनित विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय को अपने विद्यार्थियों पर गर्व है। प्रशासक अनुराग छाबड़ा ने इसे विद्यालय के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। वहीं सीओ स्काउट भारत भूषण तथा एलए सचिव सोहन गोदारा (राजस्थान राज्य भारत स्काउट-गाइड मुख्यालय) ने भी चयनित स्काउट-गाइड को शुभकामनाएं दीं। स्काउट-गाइड गतिविधियों के सफल संचालन में स्काउट प्रभारी इमामबक्श एवं गाइड प्रभारी ममता रानी का विशेष योगदान रहा। यह उपलब्धि न केवल चयनित स्काउट-गाइड के लिए, बल्कि गुड डे डिफेन्स स्कूल एवं समूचे हनुमानगढ़ जिले के लिए गर्व का विषय है।
