हनुमानगढ़। 13 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के मामले में वांछित मुख्य सप्लायर को नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक पुलिस थाना नोहर ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इससे पहले इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक थाना नोहर के प्रभारी उप निरीक्षक हनुमानाराम प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इसी साल एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में वांछित मुख्य सप्लायर मुकेश कुमार (32) पुत्र सुरजभान गुर्जर निवासी कुकड़ांवाली पीएस सदर फतेहाबाद, हरियाणा को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। उल्लेखनीय है कि 8 अप्रैल 2026 को नोहर थाना के उपनिरीक्षक पृथ्वी सिंह ने मय टीम आरोपी नरेश कुमार (35) पुत्र भीमसिंह जाट निवासी कुम्हारिया पीएस नाथूसरी चौपटा, सिरसा, हरियाणा को 13 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में नोहर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक हनुमानाराम प्रसाद, सहायक उप निरीक्षक रामलाल, कांस्टेबल कोर सिंह, सुभाष और राजकुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल सुभाष की विशेष भूमिका रही।
