– पेशेंट केयर, जोखिम और नाइट ड्यूटी सहित विभिन्न भत्ते स्वीकृत करने की मांग
हनुमानगढ़। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत) जिला शाखा के फार्मासिस्ट संवर्ग ने सातवें केन्द्रीय वेतन आयोग एवं अन्य राज्यों में फार्मासिस्टों को मिल रहे भत्तों की तर्ज पर राजस्थान में भी विभिन्न भत्ते स्वीकृत करने की मांग उठाई है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदी लाल मीना को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के नाम ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर स्वामी ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में फार्मासिस्ट पिछले 14 वर्षांे से सेवाएं दे रहे हैं। कोविड-19 और स्वाइन फ्लू जैसी महामारियों के दौरान भी फार्मासिस्टों ने जोखिम उठाकर मरीजों को दवाइयां, ऑक्सीजन और वैक्सीन उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बावजूद राजस्थान में फार्मासिस्ट संवर्ग को अब तक विभिन्न भत्तों का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि संघ की ओर से 5125 रुपए पेशेंट केयर भत्ता एवं जोखिम भत्ता, 5000 रुपए वार्षिक ड्रेस/एप्रोन भत्ता, 50 रुपए प्रति रात्रि नाइट ड्यूटी भत्ता, 1450 रुपए मासिक मेसिंग भत्ता तथा 180 रुपए मासिक वाशिंग भत्ता स्वीकृत करने की मांग की गई है। स्वामी ने बताया कि 15 सितम्बर 2023 को हुई बैठक के मिनट्स जारी होने और मांगों पर सहमति बनने के बावजूद मामला अब तक लंबित है। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर भत्तों के स्वीकृति आदेश जारी करने की मांग की। इस दौरान मीनाक्षी सहारण, स्माइली जैन, मनदीप कौर, कर्मजीत, रमेश कुमार और संजय मांडिया सहित अन्य फार्मासिस्ट मौजूद रहे।
