– रावतसर और गोलूवाला में मिठाई, किराना व खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 30 किलो काजू जब्त और 40 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने रावतसर और गोलूवाला में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान 1485 किलोग्राम गुड़ और 186 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया। वहीं, गुणवत्ता संबंधी संदेह पर 30 किलो काजू जब्त किए गए तथा 40 किलो दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई गई। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों और खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं पर निगरानी रखी जा रही है। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि रावतसर में खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भंडार से कलाकंद, मैसर्स बजत बाजार से बादाम एवं कृष्णा ब्रांड घी, मैसर्स आरसी मॉल से केवल ब्रांड मिर्च पाउडर, मैसर्स कश्मीरी कोट्स से काजू एवं गुलाब जामुन तथा मैसर्स अग्रवाल टी कम्पनी से गुड़ के दो सैंपल लिए। इस दौरान मैसर्स अग्रवाल टी कंपनी से अमानक होने के संदेह पर 1485 किलोग्राम गुड़ सीज किया गया। वहीं, मैसर्स कश्मीरी कोट्स से गुणवत्ता संबंधी संदेह पर 30 किलोग्राम काजू जब्त किए गए तथा 40 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट करवाई गई। इसी क्रम में गोलूवाला में कार्रवाई करते हुए मैसर्स अगम ट्रेडिंग कंपनी से मुहूर्त गोल्ड ब्रांड सरसों का तेल, मैसर्स गोपाल स्वीट्स से मीठा मावा, मैसर्स अंश कुमार अखिल कुमार किराना स्टोर से कृष्णा ब्रांड चांदी का वर्क, मैसर्स गौरव ट्रेडर्स से श्वेता ब्रांड घी तथा मैसर्स मित्तल मॉल से बादाम एवं त्रिशूल ब्रांड सरसों के तेल के सैंपल संग्रहित किए गए। इस दौरान मैसर्स अगम ट्रेडिंग कंपनी से गुणवत्ता संबंधी संदेह पर 186 लीटर मुहूर्त गोल्ड ब्रांड सरसों का तेल सीज किया गया। निरीक्षण एवं कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार, दीपक कुमार तथा वाहन चालक गुरुशरण सिंह शामिल रहे।
खाद्य कारोबारियों और आमजन से की अपील
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने तथा खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी डेट की जांच करने का आग्रह किया। मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका होने पर विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01552-261190 पर सूचना देने की अपील की।
