– वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 की लॉटरी सम्पन्न, 1413 यात्रियों का चयन
हनुमानगढ़। देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार की ओर से संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत हनुमानगढ़ जिले के आवेदकों के चयन के लिए जिला स्तरीय समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में लॉटरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न कर चयनित यात्रियों की सूची जारी की गई। देवस्थान विभाग के अनुसार इस वर्ष जिले से कुल 7715 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 2019 हवाई यात्रा तथा 4696 रेल यात्रा के लिए आवेदन शामिल हैं। जिले को आवंटित कोटे के अनुसार 154 वरिष्ठ नागरिकों का हवाई यात्रा के लिए तथा 1259 यात्रियों का रेल यात्रा के लिए मुख्य सूची में चयन किया गया है। इसके अलावा हवाई एवं रेल यात्रा के लिए प्रतीक्षा सूची तथा अचयनित आवेदकों की सूची भी जारी की गई है। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव, पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश बिश्नोई, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि पवन कुमार, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक योगेन्द्र कुमार तथा एपीआरओ राजपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। योजना के तहत चयनित वरिष्ठ नागरिकों को पूर्णत: नि:शुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। रेल यात्रा के माध्यम से यात्रियों को देश के 15 प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इसके लिए वातानुकूलित (एसी) ट्रेन की व्यवस्था की गई है। वहीं हवाई यात्रा के लिए चयनित वरिष्ठ नागरिकों को नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर (काठमांडू) की यात्रा करवाई जाएगी। देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश ने बताया कि योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानपूर्वक धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर उपलब्ध कराना है तथा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
