ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की सीआईए सिरसा और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने गश्त के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 18 ग्राम 135 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। सीआईए सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सीआईए की एक टीम गश्त के दौरान नहर पुल रोड़ी की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहा एक बाइक सवार युवक पुलिस वाहन को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस को शक होने पर टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी गुरप्रीत उर्फ बॉबी पुत्र जगदीश निवासी गांव नागौकी, जिला सिरसा के कब्जे से 11 ग्राम 84 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई।

उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव धिंगतानिया के पास मौजूद थी। इस दौरान गांव की ओर से पैदल आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी पवन कुमार उर्फ भारत पुत्र रोहताश निवासी गांव धिंगतानिया के कब्जे से 6 ग्राम 51 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान उनसे पूछताछ कर हेरोइन तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
