- तीन दिन में पंजीकरण का गैप पूरा करने के निर्देश, अभियान की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम होगा स्थापित
हनुमानगढ़। जिले में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं एवं नवमतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान तेज कर दिया है। अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को आगामी तीन दिनों में मतदाता सूची में पंजीकरण के लक्ष्य और अब तक हुए पंजीयन के बीच के अंतर को पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेदी लाल मीना ने अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने, आवश्यक रजिस्टर संधारित करने तथा प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी पूरी मुस्तैदी से कार्य करते हुए निर्धारित समय में पंजीकरण का लक्ष्य पूरा करें। विद्यालयों से फॉर्म प्राप्त करने, गठित टीमों को सक्रिय रखने और उनके कार्यों की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया। वीसी के दौरान विशेष अभियान के तहत आयोजित क्लस्टर एनरोलमेंट कैंपों की प्रगति, फॉर्म-6 की प्राप्ति तथा 18-19 वर्ष आयु वर्ग के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले हुए पंजीयन की विधानसभा वार समीक्षा की गई। अधिकारियों को पंजीकरण में शेष अंतर को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। युवा मतदाताओं को जागरूक करने के लिए शिक्षण संस्थानों में स्थापित इलेक्शन साक्षरता क्लब (ईएलसी) और स्वीप गतिविधियों का प्रभावी उपयोग करने पर भी बल दिया गया। इसके माध्यम से पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र युवा पंजीकरण से वंचित नहीं रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुश्री श्रद्धा गोमे सहित सीडीईओ पन्नालाल कड़ेला, एसडीएम श्याम सुंदर, एसीईओ सुनील छाबड़ा, जिला स्तरीय स्वीप समन्वयक तथा निर्वाचन कार्यालय के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिले के सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।
