– इंडेन गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने नहीं बदली सुरक्षा होज, गैर प्रमाणित पाइप से बीमा क्लेम भी हो सकता है खारिज
हनुमानगढ़। रसोई में इस्तेमाल होने वाला गैस सिलेंडर जितना सुविधाजनक है, सुरक्षा मानकों की अनदेखी होने पर उतना ही खतरनाक भी साबित हो सकता है। गैस सिलेंडर से चूल्हे तक लगी रबड़ पाइप पुरानी होने, गैर प्रमाणित सुरक्षा होज का इस्तेमाल करने और गैस सिलेंडर को असुरक्षित जगह पर रखने से हादसे का खतरा बढ़ जाता है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता सुरक्षा संबंधी जरूरी सावधानियों को नजरअंदाज कर रहे हैं। इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक सतविन्द्र सिंह के अनुसार, उनके करीब पांच हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक सुरक्षा होज नहीं बदली है। ऐसे उपभोक्ताओं को डिलीवरी के समय और फोन के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। सतविन्द्र सिंह ने बताया कि पूरे राजस्थान में करीब 32 प्रतिशत उपभोक्ता ऐसे हैं, जिन्होंने अपने गैस चूल्हे की सुरक्षा होज नहीं बदली है। यह स्थिति हादसों को निमंत्रण देने जैसी है। उपभोक्ताओं को सलाह दी जा रही है कि वे कंपनी की ओर से प्रमाणित सुरक्षा होज ही लगवाएं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा होज की कीमत करीब 190 रुपए है और इसे पांच साल में एक बार बदलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाजार में मिलने वाली गैर प्रमाणित पाइप का इस्तेमाल खतरनाक हो सकता है। उपभोक्ताओं को आईएसआई प्रमाणित और कंपनी की ओर से अनुमोदित सुरक्षा होज ही लगानी चाहिए, ताकि गैस रिसाव जैसी घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर बीमा क्लेम में परेशानी
गैस सिलेंडर से जुड़ी दुर्घटना होने पर बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सकता है, लेकिन इसके लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है। सतविन्द्र सिंह ने बताया कि यदि उपभोक्ता ने गैर प्रमाणित पाइप लगा रखी है और दुर्घटना हो जाती है तो बीमा क्लेम शुरुआती स्तर पर ही खारिज हो सकता है। इसलिए उपभोक्ताओं को केवल हादसे के बाद मिलने वाले मुआवजे पर निर्भर रहने के बजाय पहले से सुरक्षा उपाय अपनाने चाहिए।
तंग घरों में सिलेंडर को बंद जगह पर रखना खतरनाक
उन्होंने बताया कि कई घरों में जगह की कमी के कारण गैस सिलेंडर को बंद डिब्बेनुमा जगह में रख दिया जाता है, जो सुरक्षित तरीका नहीं है। ऐसी स्थिति में गैस रिसाव होने पर खतरा बढ़ सकता है। इसी तरह की परिस्थितियों में सुरक्षा के लिए कंपनी की ओर से फायर क्रॉस बॉल उपलब्ध करवाई गई है। यह एक स्वचालित अग्निशमन उपकरण है, जिसे सिलेंडर के ऊपर रखा जाता है। आग इसके संपर्क में आने पर फायर क्रॉस बॉल सक्रिय होकर आग बुझाने में मदद करती है। इससे आग पर काबू पाने में सहायता मिल सकती है।
घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल सरकार को राजस्व का नुकसान
सतविन्द्र सिंह ने घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि कुछ लोग घरेलू गैस सिलेंडर लेकर करीब 500 रुपए के लालच में होटल और ढाबा संचालकों को बेच देते हैं। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होता है। कुछ लोग घरेलू सिलेंडरों से बड़े सिलेंडरों में गैस स्थानांतरित कर उनका इस्तेमाल करते हैं, जो सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा है। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान कई बार व्यावसायिक उपयोग में सिलेंडर तो मिल जाते हैं, लेकिन उनके बिल या खरीद से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलते। उन्होंने उपभोक्ताओं और होटल-ढाबा संचालकों से अपील की कि वे गैस सिलेंडर केवल अधिकृत वेंडर या डिस्ट्रीब्यूटर से ही प्राप्त करें। अनधिकृत स्रोतों से सिलेंडर खरीदने से बचें, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में जान-माल के नुकसान का खतरा कम किया जा सके।
