– थालड़का में खाद्य सुरक्षा दल की कार्रवाई, 8 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 12 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपलिंग का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों एवं खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। 2 नवम्बर को खाद्य सुरक्षा दल ने थालड़का में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए एवं एक्सपायरी एवं दूषित सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स धर्मवीर स्वीट्स से घी, क्रीम एवं दूध के नमूने लिए। इसी प्रकार मैसर्स लम्माणी स्वीट्स से रसगुल्ला, गुलाब जामुन एवं बेसन चक्की, मैसर्स स्वामी स्वीट्स एंड फास्ट फूड से गुलाब जामुन, मैसर्स मीनाक्षी स्वीट्स से लड्डू एवं गुलाब जामुन, मैसर्स राजेन्द्र जनरल एंड वैरायटी स्टोर से क्रीम एवं काजू तथा मैसर्स अन्नपूर्णा भंडार से मटका ब्रांड सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
अवधिपार एवं खराब खाद्य सामग्री मौके पर करवाई नष्ट
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स राजेन्द्र जनरल एंड वैरायटी स्टोर से अवधिपार 48 लीटर पेयजल मौके पर ही नष्ट करवाया। इसके बाद मैसर्स ज्योति किरयाना स्टोर पर जांच के दौरान करीब 196 किलो/लीटर अवधिपार एवं खराब खाद्य सामग्री पाई गई। इसमें चीनी, गुड़, पतासे, खजूर, करूवा चीनी, गुजरी मीठी, आटा, तेल, सॉस, शर्बत एवं गर्म मसाले सहित अन्य सामग्री शामिल थी। दल ने उक्त सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया। खाद्य सुरक्षा दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, निर्माण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, सैंपलिंग एवं मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अर्चना यादव एवं लैब टेक्नीशियन सुभाष कुमार उपस्थित रहे।
खाद्य कारोबारियों एवं आमजन से की अपील
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखें। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करने तथा मिलावट या किसी अनियमितता की आशंका होने पर विभाग को कंट्रोल रूम नम्बर 01552-261190 पर सूचित करने की अपील की।
