ऐलनाबाद। जिला सिरसा की एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने गश्त और चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए थेहड़ मोहल्ला क्षेत्र से एक बाइक सवार व्यक्ति को 2 किलो 518 ग्राम गांजा पत्ती सहित काबू किया है। बरामद गांजा की कीमत हजारों रुपए बताई जा रही है। एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान थेहड़ मोहल्ला में मौजूद थी। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति प्लास्टिक की पॉलिथीन लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे तुरंत काबू कर लिया। तलाशी राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार ली गई, जिसमें पॉलिथीन से 2 किलो 518 ग्राम गांजा पत्ती बरामद हुई। आरोपी की पहचान नीरज कुमार उर्फ बिल्ला पुत्र किशोर कुमार निवासी वार्ड नंबर 9, रानियां (जिला सिरसा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेल प्रभारी के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा सके।
संवाददाता- रमेश भार्गव
