ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के नेक्सस को तोड़ने के लिए ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है । इसी कड़ी के तहत जिला की सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस ने नजदीक भगत सिंह पार्क सिरसा क्षेत्र से बाइक सवार दो युवकों को काबू कर उनके कब्जा से करीब 20 लाख रुपए की 105 ग्राम 64 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की है। उन्होंने बताया कि सीआईए स्टाफ सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान सूरतगढ़िया चौक से होते हुए शिव चौक की ओर जा रही थी। इस दौरान पुलिस पार्टी जब भगत सिंह पार्क सिरसा के नजदीक पहुंची तो पार्क के पास एक पेड़ के नीचे प्लैटिना मोटरसाइकिल के पास दो युवक खड़े दिखाई दिए। उक्त युवक सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक घबरा गए और मोटरसाइकिल को स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया।पूछताछ के दौरान दोनों युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। शक के आधार पर पुलिस टीम ने राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में मोटरसाइकिल के वाइजर की तलाशी ली गई, मोटरसाइकिल के वाइजर से प्लास्टिक की पॉलिथीन में लिपटी 105 ग्राम 64 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सौरव पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी बंध गेट, शिव चौक सिरसा व अनिल कुमार पुत्र दर्शन लाल निवासी सूरतगढ़िया बाजार सिरसा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शहर थाना सिरसा पुलिस को सौंपी गई है । एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान उनसे गहन पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के सार्थक परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं। नशा तस्करी के नेक्सस को तोड़ने और आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अपराध एवं अपराधियों के नेक्सस को तोड़ना तथा आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिरसा पुलिस नशा तस्करों और अपराधियों का समूल सफाया करने तथा नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
