हनुमानगढ़। उप निरीक्षक/प्लाटून कमाण्डर संयुक्त प्रतियोगी पुन: परीक्षा 2021 (गृह विभाग) का आयोजन रविवार, 20 सितंबर को जिला मुख्यालय पर बनाए गए 23 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा में कुल 6698 परीक्षार्थी नामांकित हैं। परीक्षा दो पारियों में होगी। पहली पारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पारी अपराह्न 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में बनाए गए 23 केन्द्रों में 17 राजकीय तथा 6 निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं। सभी केन्द्र हनुमानगढ़ उपखंड क्षेत्र में हैं। परीक्षा के लिए 8 उपसमन्वयक, 23 केन्द्राधीक्षक, 6 अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक, 29 पर्यवेक्षक तथा 694 वीक्षक नियुक्त किए गए हैं। शनिवार को वीक्षकों एवं वीडियोग्राफरों को परीक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। एडीएम उम्मेदीलाल मीणा ने बताया कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी एवं नकल रहित कराने के लिए राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), जिला प्रशासन तथा केन्द्र स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अवैध व अनुचित सामग्री के इस्तेमाल को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। लोक सेवा आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक केन्द्र के लिए जिला प्रशासन की ओर से केन्द्र पर्यवेक्षक (सीएस) एवं अतिरिक्त केन्द्र पर्यवेक्षक (एसीएस) नियुक्त किए गए हैं। डिप्टी कॉर्डिनेटर की नियुक्ति भी की गई है। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए डिप्टी कॉर्डिनेटर के साथ एक-एक सशस्त्र पुलिस गार्ड तैनात रहेगा। पुलिस गार्ड की मौजूदगी में प्रश्नपत्र ट्रेजरी से परीक्षा केन्द्र तक पहुंचाए जाएंगे तथा परीक्षा के बाद वापस सुरक्षित जमा करवाए जाएंगे। प्रश्नपत्र प्राप्त हो चुके हैं और उन्हें ट्रेजरी के डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया है। परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। वीडियोग्राफरों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाया गया है। सभी परीक्षा केन्द्रों एवं उनके आसपास बीएनएस की संबंधित धाराएं लागू की गई हैं। आयोग की ओर से इस परीक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मुख्य सचिव, डीजीपी, आयोग अध्यक्ष एवं सचिव सहित उच्च स्तर के अधिकारियों की ओर से कड़े निर्देश जारी किए गए हैं और परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। एडीएम ने बताया कि आरपीएससी की ओर से पहली बार वरिष्ठ आरएएस अधिकारी को परीक्षा के सुपरविजन के लिए जिले में भेजा जा रहा है। प्रत्येक अभ्यर्थी की फेस स्कैनिंग एवं बायोमैट्रिक प्रक्रिया होगी तथा परीक्षा केन्द्रों पर वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान में लागू नकल विरोधी कानून 2022 के संबंध में पोस्टर परीक्षा केन्द्रों के आसपास लगाए जाएंगे। नकल करने पर कानून के तहत जुर्माने एवं सजा का प्रावधान है।
