– जब्त नशे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए, एक आरोपी पर पहले से 21 मामले दर्ज
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में मादक पदार्थांे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत टिब्बी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार सवार दो तस्करों को 259.55 ग्राम हेरोइन/चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जब्त नशे की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए है। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 259.55 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस दौरान कार सवार अनिल कुमार (34) पुत्र पप्पूराम वाल्मीकि निवासी दड़ौली पीएस मंडी आदमपुर जिला हिसार, हरियाणा तथा रोहित सिंह (20) पुत्र बलविन्द्र सिंह सिकलीगर निवासी मसानी पीएस टिब्बी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण का अनुसंधान संगरिया पुलिस थाना प्रभारी अमरसिंह की ओर से किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ राजस्थान एवं हरियाणा के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, चोरी, मारपीट, महिला अपराध सहित अन्य गंभीर धाराओं में करीब 21 प्रकरण पूर्व में दर्ज हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से नशे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क एवं अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, हेड कांस्टेबल भागचन्द, मानाराम, संदीप कुमार, कांस्टेबल श्रवण कुमार एवं पंकज कुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में डीएसटी सेक्टर हनुमानगढ़ की विशेष भूमिका रही।
