हनुमानगढ़। जिले में मादक पदार्थां के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक पुलिस थाना नोहर ने 3.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) तस्करी मामले में वांछित मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, हथियार, जुआ-सट्टा व अन्य अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी के तहत सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक थाना नोहर के प्रभारी उप निरीक्षक हनुमानाराम प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरण में वांछित मुख्य सप्लायर मनोज कुमार (32) पुत्र आत्माराम स्वामी निवासी वार्ड नंबर 13, कणाउ कॉलोनी, कस्बा नोहर को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ व अनुसंधान जारी है। गौरतलब है कि 9 अप्रैल 2026 को फेफाना पुलिस थाना प्रभारी उप निरीक्षक नरेन्द्र कुमार ने मय टीम गश्त व नाकाबंदी के दौरान मोटर साइकिल सवार आरोपी संजय कुमार (33) पुत्र भजनलाल निवासी फेफाना को 3.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक हनुमानाराम प्रसाद, कांस्टेबल सुभाष व राजकुमार शामिल रहे। इस कार्रवाई में कांस्टेबल राजकुमार की विशेष भूमिका रही।
