हनुमानगढ़। जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। आबकारी आयुक्त उदयपुर एवं जिला कलक्टर हनुमानगढ़ के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में प्रहराधिकारियों की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त रूप से रेड अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गांव डबलीराठान, गांधी, लाखनबास, मेहराना, खोपड़ा सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान कुल 331 पव्वे देशी शराब के बरामद किए गए। साथ ही अवैध शराब के मामलों में 4 अभियोग दर्ज कर एक मोटर साइकिल भी जब्त की गई। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में हथकढ़ शराब की कशीदगी (निर्माण) और बिक्री पर रोक लगाने के लिए निरंतर रेड व गश्त अभियान चलाया जा रहा है। आगामी दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी विरेंद्र सिंह एवं नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह मय जाप्ता शामिल रहे। विभागीय आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक आबकारी विभाग की ओर से कुल 24 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं।
