हनुमानगढ़। नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया के बीच बुधवार को निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल अपने समर्थक पार्षदों के साथ टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। बीकानेर में बाड़ेबंदी के दौरान हनुमानगढ़ लौटे बंसल समर्थक पार्षदों ने एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी रवि कुमार के समक्ष पार्षद पद की शपथ ली। बंसल गुट के एकजुट होकर परिषद कार्यालय पहुंचने से चुनावी सरगर्मियां तेज हो गईं। विधायक गणेश राज बंसल ने दावा किया कि उनके साथ 35 पार्षदों का बहुमत है और हनुमानगढ़ नगर परिषद में निर्दलीयों का बोर्ड बनना तय है।

उन्होंने कहा कि सभी 35 पार्षदों को शपथ दिलाई गई है तथा 21 सितंबर को सभापति पद के चुनाव में ये पार्षद उनकी प्रत्याशी मंजू रणवां के पक्ष में मतदान करेंगे। बंसल ने भाजपा की ओर से किसी तरह के ऑफर की चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा की तरफ से कोई ऑफर नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जनता ने निर्दलीय बोर्ड बनाने का जनादेश दिया है और वे निर्दलीय बोर्ड ही बनाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का फोन आने की चर्चाओं पर विधायक ने कहा कि उनके पास मुख्यमंत्री का कोई फोन नहीं आया। उन्होंने बताया कि उपसभापति पद के प्रत्याशी के नाम का फैसला 21 सितंबर को किया जाएगा।

सभापति चुनाव से पहले 35 पार्षदों को एकजुट कर परिषद कार्यालय पहुंचने की कवायद को बंसल गुट की ओर से अपनी ताकत दिखाने के तौर पर देखा जा रहा है। अब 21 सितंबर को होने वाले सभापति चुनाव में बहुमत का यह दावा किस रूप में सामने आता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।



