हनुमानगढ़। जिले में अवैध हथकढ़ शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर तथा जिला कलक्टर के निर्देशों की पालना में जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी के नेतृत्व में मंगलवार को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की। अभियान के तहत गांव गंगागढ़, गंगाघाट, डबलीबास मौलवी सहित आसपास के क्षेत्रों में संयुक्त रेड की गई। इस दौरान करीब 4500 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वॉश) तथा 8 कच्ची भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट किया गया। साथ ही अवैध शराब निर्माण के संबंध में एक आबकारी प्रकरण दर्ज किया गया। जिला आबकारी अधिकारी संजीव कुमार पटावरी ने बताया कि विभाग की ओर से पिछले तीन दिनों से लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। इस अवधि में अब तक 7200 लीटर लाहन तथा 13 कच्ची भट्ठियां नष्ट की जा चुकी हैं, जबकि चार आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध हथकढ़ शराब की कशीदगी एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित रूप से रेड और गश्त की जा रही है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। आबकारी विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक जिले में अवैध शराब के खिलाफ 209 आबकारी प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। मंगलवार की कार्रवाई में प्रहराधिकारी अमर सिंह, आबकारी निरीक्षक प्रिन्सदीप, जमादार हुसैन खान तथा भादरा एवं संगरिया क्षेत्र का आबकारी जाप्ता शामिल रहा।
