हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5.83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मोटर साइकिल पर सवार थे। पुलिस के अनुसार नोहर थाना के एसआई राजेन्द्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान नोहर कस्बे से आरोपी रज्जाक खान उर्फ हुसैन (39) पुत्र यासिन खान निवासी वार्ड नम्बर 32, नोहर व हरीश खान (35) पुत्र हाकम अली निवासी वार्ड नम्बर 32, नोहर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5.83 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर मोटर साइकिल जब्त की है। इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, मारपीट सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की जांच नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक थाना नोहर के प्रभारी एसआई हनुमान प्रसाद मीणा की ओर से की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई राजेन्द्र कुमार, एएसआई रामप्रताप, भूराराम, हैड कांस्टेबल जगदीश प्रसाद, कांस्टेबल रमेश कुमार एवं कुलदीप शामिल रहे। इस कार्रवाई में साक्ष्य संकलन और गोपनीय सूचना जुटाने में एएसआई भूराराम और कांस्टेबल विक्रम की विशेष भूमिका रही।
