– पत्नी को फोन कर ट्रेन से घर आने की कही थी बात, मोबाइल बंद, अपहरण के आरोप में मामला दर्ज
हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र के कोहला से 53 वर्षीय व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में उसके भाई विजय बहादुर (40) पुत्र पुसाराम खटीक निवासी वार्ड नंबर 11 बोरावड़ पीएस मकराना जिला डीडवाना-कुचामन ने टाउन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने बुधवार को अज्ञात के खिलाफ अपहरण के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। रिपोर्ट के अनुसार विजय बहादुर का भाई कमल किशोर उर्फ नानू (53) पिछले करीब एक वर्ष से कोहला में रमेश दाधीच व शुभम दाधीच की किराए की जमीन पर होटल एवं मार्बल का काम कर रहा था। वह वहां अकेला रहता था। रिपोर्ट में बताया गया कि 5 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे कमल किशोर ने अपनी पत्नी को फोन कर ट्रेन से घर आने की बात कही थी। उसने अपने पास मार्बल के लेन-देन की करीब दो से ढाई लाख रुपए की नकदी होने की बात भी बताई थी। इसके बाद वह रात को घर नहीं पहुंचा। उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है।

विजय बहादुर ने पुलिस को बताया कि कमल किशोर ने अपने मोबाइल फोन से कुछ रिकॉर्डिंग और वीडियो अपने पुत्र सूर्यप्रकाश के मोबाइल फोन पर भेजे थे। इन रिकॉर्डिंग को सुनने के बाद उन्हें आशंका हुई कि कमल किशोर का जमीन मालिक रमेश दाधीच व उसके पुत्र शुभम दाधीच से राशि के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, विजय बहादुर ने हनुमानगढ़ पहुंचकर अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो आसपास के लोगों से उसे पता चला कि रमेश दाधीच और शुभम दाधीच पिछले कुछ दिनों से कमल किशोर के साथ लड़ाई-झगड़ा कर रहे थे। इसके बाद परिजनों ने गली-मोहल्ले, रिश्तेदारों तथा अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक कैलाशचंद कर रहे हैं।
