हनुमानगढ़। आबकारी विभाग की टीम ने हथकढ़ शराब बनाने के गढ़ के रूप में चिह्नित क्षेत्रों में दबिश देकर लाहन व कच्ची भट्ठी नष्ट करवाने की कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में हथकढ़ शराब की कशीदगी व बिक्री की रोकथाम के लिए निरंतर रेड गश्त का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में आबकारी आयुक्त एवं जिला कलक्टर के निर्देशन में आबकारी विभाग की ओर से संयुक्त रेड का आयोजन किया गया। इसके तहत गांव गंगागढ़, गंगाघाट व देबूघाट में दबिश देकर करीब 5500 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) व 10 कच्ची भट्ठियां नष्ट की गईं।

पटावरी के अनुसार इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में आबकारी विभाग की ओर से कुल 559 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई करने वाली टीम में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, जमादार हुसैन खान व जाप्ता शामिल रहा।

