हनुमानगढ़। दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और सैंपलिंग का अभियान चलाया जा रहा है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में पीलीबंगा में खाद्य सुरक्षा दल ने कार्रवाई करते हुए 6 सैंपल संग्रहित किए तथा 70 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने पीलीबंगा स्थित मैसर्स मयूर स्वीट्स से मीठा मावा, मैसर्स यादव स्वीट्स से मावा बर्फी, मैसर्स श्री राधे-राधे मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन, मैसर्स नीलकंठ मिष्ठान भंडार से गुलाब जामुन तथा मैसर्स लवली केक एंड स्वीट प्वाइंट से गोंद लड्डू और काजू कतली के सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान मैसर्स नीलकंठ मिष्ठान भंडार से 40 किलोग्राम तथा मैसर्स श्री राधे-राधे मिष्ठान भंडार से 30 किलोग्राम दूषित खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार, दीपक कुमार एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह शामिल रहे।
बिल और एक्सपायरी डेट की जांच करने की अपील
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से केवल मानक गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री बेचने तथा खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि का रिकॉर्ड संधारित रखने की अपील की। उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि जांचने का आग्रह किया। मिलावट या किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका होने पर विभाग के कंट्रोल रूम नंबर 01552-261190 पर सूचना दी जा सकती है।
