हनुमानगढ़। संगरिया थाना पुलिस ने चक्रव्यूह ऑपरेशन के तहत कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 870 ग्राम डोडा-पोस्त और 800 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, संगरिया थाना के उपनिरीक्षक हरबंशलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम फतेहपुर, इन्द्रपुरा, सिंहपुरा, शाहपीनी, अमरपुरा जालू खाट आदि क्षेत्रों में गश्त कर रही थी। दोपहर करीब 1.10 बजे टीम मोरजंड सिखान से जंडवाला सिखान की ओर जाने वाली सड़क पर एएमपी नहर की पुलिया के पास पहुंची। वहां नहर के पटड़े पर नीम की छाया में एक विकलांग व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक थैला और लाठी लिए खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर वह खेतों की तरफ जाने लगा और थैला छिपाने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसकी पहचान हरमेश सिंह (37) पुत्र जगरूप सिंह निवासी वार्ड नंबर 6, मोरजंड सिखान के रूप में हुई। पुलिस ने थैले की तलाशी ली तो उसके अंदर काले रंग की प्लास्टिक थैली मिली, जिसमें हल्के भूरे रंग का छिलका नुमा पदार्थ था। पुलिस के अनुसार जांच और पहचान के बाद इसे डोडा-पोस्त बताया गया। तौल करने पर प्लास्टिक थैली सहित डोडा-पोस्त का वजन 870 ग्राम पाया गया। इसके अलावा हरे रंग के थैले में प्रेगाबालिन 300 एमजी के 800 कैप्सूल मिले। पुलिस के अनुसार ये कैप्सूल 80 पत्तों में थे और प्रत्येक पत्ते में 10 कैप्सूल थे। आरोपी से कैप्सूल रखने का लाइसेंस, परमिट या चिकित्सक की पर्ची मांगी गई, लेकिन उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने कैप्सूल को भी जब्त कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को डोडा-पोस्त इन्द्रगढ़ निवासी हरजिंद्र सिंह उर्फ कालू से खरीदना तथा प्रेगाबालिन कैप्सूल अबोहर निवासी गगनदीप सिंह की ओर से दिए जाना बताया। पुलिस ने आरोपी हरमेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। बरामद डोडा-पोस्त के संबंध में एनडीपीएस एक्ट तथा प्रेगाबालिन कैप्सूल के संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच ढाबां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद को सौंपी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरबंशलाल, हेड कांस्टेबल महंगासिंह और प्रदीप काल्वी शामिल रहे।
