हनुमानगढ़। जिले के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में सक्रियता दिखाते हुए गुरुवार को पुलिस थाना भिरानी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने थाना स्टाफ से बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की स्थिति को लेकर विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी मीना ने थाना क्षेत्र में घटित होने वाले अपराधों की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भिरानी थाना सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित है, इसलिए हरियाणा राज्य से अपराधियों की आवाजाही की संभावना बनी रहती है। ऐसे में पुलिस को अधिक सतर्क रहकर प्रभावी निगरानी व्यवस्था कायम करनी होगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त और नाकाबंदी को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया। एसपी ने थाने में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और पेंडेंसी को प्राथमिकता के आधार पर कम किया जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध जांच और पारदर्शी कार्रवाई से आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा। दौरे के दौरान एसपी ने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रोबेशनर आरपीएस राजेंद्र कुमार, पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी लखवीर सिंह सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा।
