चारणवासी। सिंचाई विभाग द्वारा आबयाना की शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत गांव चारणवासी और मलवाणी में लगाए गए वसूली शिविरों का शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार वर्मा और अधिशाषी अभियंता राजेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने शिविरों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए उपस्थित किसानों से सीधे संवाद किया। अधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि आबयाना का समय पर भुगतान करना केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि नहरों के सुचारू संचालन और रखरखाव के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे विभाग और जल उपभोक्ता संगम अध्यक्षों का सहयोग करते हुए समय पर आबयाना जमा करवाएं, ताकि सिंचाई व्यवस्था प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि किसान आबयाना जमा कराने में लापरवाही बरतते हैं तो विभाग को मजबूरन सख्त कदम उठाने पड़ेंगे और संबंधित किसानों की सिंचाई बारी काटी जा सकती है। शिविर के दौरान एनपी-3 और एनपी-4 के अध्यक्षों ने सक्रियता दिखाते हुए मौके पर ही करीब 50 हजार रुपये की आबयाना वसूली की। इस अवसर पर एनपी-4 के अध्यक्ष इंद्राज पटीर, एनपी-3 के अध्यक्ष महावीर शर्मा, एनपी-2 के राजपाल, एनपी-13 के अभिमन्यु, पूर्व सरपंच ओंकार सिंह तथा माडूराम सहारण सहित कई गणमान्य ग्रामीण मौजूद रहे।
31 मार्च के बाद बकायादारों की बारी काटने के आदेश
अधिशाषी अभियंता के निर्देशानुसार जल उपभोक्ता संगम अध्यक्षों से प्राप्त सूची के आधार पर उन किसानों को चिह्नित किया गया है, जिन्होंने लंबे समय से आबयाना जमा नहीं करवाया है। विभाग ने सख्ती बरतते हुए अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि आगामी बाराबंदी के दौरान राजस्थान सिंचाई एवं जल निकास अधिनियम, 1955 की धारा 31 की उपधारा 10(3) के तहत आबयाना बकाया रखने वाले किसानों की एक वर्ष के लिए पानी की बारी काटी जाएगी। विभाग ने बकायादार किसानों को 31 मार्च तक आबयाना जमा कराने का अंतिम अवसर दिया है। जल उपभोक्ता संगम अध्यक्षों के माध्यम से बकायादार किसानों की सूचियां संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर चस्पा की जा रही हैं। निर्धारित तिथि के बाद बिना किसी सुनवाई के एकतरफा कार्रवाई करते हुए सिंचाई बारी काट दी जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित किसान की होगी। विभाग के इस कड़े रुख से क्षेत्र के बकायादार किसानों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
संवाददाता-जयलाल वर्मा
