हनुमानगढ़। साइकिल क्लब के सदस्यों ने रविवार को साइकिल यात्रा करते हुए मां भद्रकाली के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए। मंदिर परिसर में पहुंचने पर हनुमानगढ़ सेवा समिति भारत क्लब के पदाधिकारियों ने साइकिल क्लब के सदस्यों का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर हनुमानगढ़ साइकिल क्लब के साथ जिला सेशन जज अमित कड़वासरा, बालकृष्ण थरेजा, पवन सरावगी, जिला शिक्षा अधिकारी पी.डी. शर्मा, एडीपी पुष्पेंद्र शेखावत, कृष्ण जांगिड़, तेज नारायण परिहार, सुमन शर्मा, मनोज सुथार सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पवन सरावगी ने भारत क्लब द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि भारत क्लब पिछले करीब 45 वर्षों से भद्रकाली माता मेले में व्यवस्थाओं को संभालते हुए सराहनीय सेवा कार्य कर रहा है। उन्होंने क्लब के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इसी तरह समाज सेवा में सक्रिय रहने का आह्वान भी किया। अंत में भारत क्लब की ओर से हनुमानगढ़ साइकिल क्लब के सदस्यों को साफा पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा जलपान करवाया गया।
