ऐलनाबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा सोमवार को अपने 170वें दिन ऐलनाबाद पहुंची। शहीदी दिवस के अवसर पर यात्रा की शुरुआत शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। यह यात्रा गांव पोड़खा से जिला अध्यक्ष संतोष बेनीवाल के नेतृत्व में प्रारंभ हुई और मीठी सुरेरा, तहसील कार्यालय, बस स्टैंड, पंचमुखी चौक, गांधी चौक, देवीलाल चौक तथा टीबी चौक होते हुए ऊधम सिंह चौक, ऐलनाबाद में संपन्न हुई।

इस दौरान ऐलनाबाद बार एसोसिएशन में अध्यक्ष सरदार बलराज सिंह खोसा, महासचिव ओपी बालन और उपाध्यक्ष विवेक शेखावत सहित वकीलों ने पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इन महान क्रांतिकारियों का नाम आज भी देशभक्ति, त्याग और वैचारिक संघर्ष के प्रतीक के रूप में लिया जाता है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह द्वारा संसद में फेंका गया बम किसी की जान लेने के लिए नहीं था, बल्कि उस “बहरी सरकार” तक जनता की आवाज पहुंचाने के लिए था, जो आम लोगों की बात सुनने को तैयार नहीं थी। उन्होंने कहा कि भगत सिंह केवल एक क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि गहरे विचारों वाले चिंतक भी थे।

उनका संघर्ष अन्याय और दमन के खिलाफ था। आज भी विभिन्न राजनीतिक दल उनके विचारों की अलग-अलग व्याख्या करते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि उनका संदेश समानता, भाईचारा और सामाजिक न्याय पर आधारित था। बृजेंद्र सिंह ने कहा कि इतिहास हमें सिखाता है कि समाज में एकता और सौहार्द बनाए रखना बेहद आवश्यक है। शहीदों के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके विचारों को अपने जीवन और समाज में उतारें तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करें। इस अवसर पर मांगे राम सहारण (सरपंच), अशोक सरपंच, राम सिंह सोलंकी (चेयरमैन, म्यूनिसिपल कमेटी), सुखविंदर सिंह, एमपी भारद्वाज, नौरंग भंगू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
