-समाज उत्थान और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प, नई कार्यकारिणी घोषित
हनुमानगढ़। कम्बोज समाज महासमिति, हनुमानगढ़ की साधारण सभा का आयोजन गुरुद्वारा साहिब, प्रेमनगर टाउन में उत्साहपूर्वक किया गया। सभा में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की उपस्थिति में गत कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने पर नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। सभा की शुरुआत में संचालन के लिए सरदार बलदेव सिंह रतनपाल को सभापति चुना गया। इसके बाद संगठन के विभिन्न पदों पर नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। सरदार रविन्द्र पाल सिंह मुत्ती को अध्यक्ष निर्वाचित किया गया, जबकि डॉ. अमृतपाल सिंह एवं सरदार हिम्मत सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया।

हरविन्द्र सिंह कौड़ा को सचिव और गजेन्द्र सिंह नंदा को उपसचिव नियुक्त किया गया। इसके अलावा सरदार जगदीश सिंह मुत्ती को कोषाध्यक्ष, बलविन्द्र सिंह को लीगल एडवाइजर तथा बलविन्द्र सिंह मुत्ती एवं सरदार अमृतपाल सिंह को प्रवक्ता मनोनीत किया गया। इससे पूर्व सभा में अध्यक्ष रविन्द्र पाल सिंह मुत्ती ने गत दो वर्षों का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए संगठन द्वारा किए गए सामाजिक, शैक्षणिक और संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी तथा समाज के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उपस्थित सदस्यों ने कार्यों की सराहना करते हुए नई कार्यकारिणी से भविष्य में और अधिक सक्रियता की अपेक्षा जताई। सभा में वक्ताओं ने कम्बोज समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, सामाजिक एकता और युवाओं के मार्गदर्शन पर विशेष बल दिया।

शिक्षाविद् सरदार गुरदयाल सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कपूर सिंह कौड़ा, डॉ. अमृतपाल सिंह, आत्मा सिंह नंदा, डॉ. हरविन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह खिण्डा, रामनिवास कम्बोज, मेहर सिंह संगरिया, श्रंगारा सिंह, पंकज कम्बोज और बलविन्द्र सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने युवाओं से उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और संगठनात्मक एकता को मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। सभा में टाउन, जंक्शन सहित पीलीबंगा, डबली राठान, गाहडू, ढालिया, फतेहपुर, पन्नीवाली, सुरेवाला, टिब्बी, तलवाड़ा, कमरानी, शेरेका, संगरिया समेत जिले के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवगठित कार्यकारिणी ने समाज के विकास, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया। सभा का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
