सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर में आयोजित एक दिवसीय नेशनल रणथंभौर फिजियो समिट में हनुमानगढ़ जिले के प्रख्यात फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. राम सिहाग को फिजियोथेरेपी चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों पेशेवरों ने भाग लेकर कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्तर का स्वरूप प्रदान किया। समिट के दौरान आयोजकों ने बताया कि डॉ. राम सिहाग लंबे समय से हनुमानगढ़ जिले में फिजियोथेरेपी के माध्यम से मरीजों का सफल उपचार कर रहे हैं और चिकित्सा क्षेत्र में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्याओं, नसों पर दबाव, स्लिप डिस्क, कमर दर्द तथा अन्य मस्क्युलोस्केलेटल बीमारियों के उपचार में उल्लेखनीय कार्य किया है। फिजियोथेरेपी की आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उन्होंने बिना ऑपरेशन के हजारों मरीजों को राहत पहुंचाई है, जिससे उन्हें व्यापक पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सा विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में फिजियोथेरेपी कई जटिल बीमारियों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ऐसे में डॉ. राम सिहाग जैसे विशेषज्ञों का समर्पण और अनुभव मरीजों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है। उनके कार्यों की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में फिजियोथेरेपी सेवाओं को मजबूत बनाने में उनका योगदान सराहनीय है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. राम सिहाग ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा करते रहेंगे और फिजियोथेरेपी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास करेंगे। समिट के आयोजन में डॉ. गणपत, डॉ. अजीत सहारण, डॉ. महेश साहू, डॉ. एस. के. मीणा और डॉ. सर्वोत्तम चौहान सहित कई चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में देशभर से 500 से अधिक फिजियोथेरेपिस्ट और चिकित्सकों ने भाग लेकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
