हनुमानगढ़। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत भाजपा के जंक्शन देहात मंडल में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन मंगलवार को जाट भवन में समारोहपूर्वक किया गया। प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विषयों पर अनुभवी वक्ताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रशिक्षण शिविर के दौरान केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका शुभारंभ भाजपा नेता अमित चौधरी, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी एवं मंडल अध्यक्ष बलराज सिंह मान ने किया। प्रदर्शनी में सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे कार्यकर्ताओं को योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिल सके। शिविर के सातों सत्रों में कार्यकर्ताओं को पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान, इतिहास एवं विकास, कार्यपद्धति, संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा सरकार की उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीति-नीति से अवगत कराते हुए उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ताओं के रूप में जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, दलीप बेनीवाल, मुरलीधर सोनी, बलवीर बिश्नोई, जुगल किशोर गौड़, महेश गुप्ता एवं चरणदास गर्ग ने अपने विचार साझा किए। सभी वक्ताओं ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती के लिए अनुशासन, समर्पण और निरंतर सक्रियता को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जिसमें कार्यकर्ता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं। इस मौके पर आशीष पारीक, कृष्ण तायल, ओम सोनी, मनप्रीत सिंह, कृषि उपज मंडी समिति अध्यक्ष प्रेम गोदारा, मंडल अध्यक्ष बलराज सिंह मान, प्रभारी कुलवंत चहल एवं वर्ग प्रभारी संदीप गोदारा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने प्रशिक्षण शिविर को संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। समापन अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं को न केवल वैचारिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उन्हें संगठनात्मक कार्यांे में दक्ष भी बनाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रशिक्षण से कार्यकर्ता आगामी समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
