
हनुमानगढ़। श्री ओम बन्ना टाइगर फोर्स सदस्यों की ओर से नए साल, संगठन के स्थापना दिवस और पूर्व जिलाध्यक्ष के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान शिविर 31 दिसम्बर को रावतसर के जोधाबास स्थित करणी माता मन्दिर परिसर में संगठन के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रदीप पाल, जिलाध्यक्ष अजय सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष के सौजन्य से आयोजित होगा। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। शनिवार को हुई बैठक में आयोजन के पोस्टर का विमोचन किया गया। जनप्रतिनिधियों की ओर से भी शिविर में अधिकाधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की जा रही है। नोहर विधायक अमित चाचाण ने रक्त योद्धाओं से अपील की ज्यादा से ज्यादा संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें। उन्होंने कहा कि आपकी ओर से दान किया गया रक्त न जाने किस मोड पर किस व्यक्ति की जान बचा दे। उन्होंने शिविर आयोजन के लिए संगठन की सराहना की। वहीं पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने भी अधिक से अधिक संख्या में नागरिकों से शिविर में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की।

श्री ओम बन्ना टाइगर फोर्स के जिलाध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि उनका संगठन काफी समय से जिले में सक्रिय है। समय-समय पर समाजसेवा से जुड़े कार्य किए जाते हैं। रक्तदान के अलावा कन्या दान, शिक्षा दान आदि की मुहिम करीब सात साल से चलाई जा रही है। अब तक संगठन की ओर से 245 कन्या दान किए जा चुके हैं। उन्होंने क्षेत्र के रक्तदाताओं से अपील की कि वे 31 दिसम्बर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में हिस्सा लेकर अपने रक्त का दान करें ताकि किसी जरूरतमंद का जीवन बच सके।
