रावतसर। थाना क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय नशीले पदार्थों की तस्करी सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने गिरोह के एक और सदस्य बबलू सोनी को गिरफ्तार किया है, जिसे इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सप्लायर बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत 15 मार्च को हुई थी, जब रावतसर थाना क्षेत्र में सूर्यप्रकाश उर्फ पीयूष को 5.45 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए लगातार छापेमारी और पूछताछ के आधार पर गिरोह के सरगना विनोद कुमार नाई सहित उसके चार अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शेरसिंह उर्फ शेरा, रजत सोनी, सोनू उर्फ कृष्णलाल नायक और पुनीत कुमार उर्फ भूरिया शामिल हैं। अब इसी कड़ी में पुलिस ने वार्ड नंबर 3 निवासी बबलू सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपियों ने मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा था, जो न केवल हेरोइन की सप्लाई करता था बल्कि मारपीट, जुआ-सट्टा, आर्म्स एक्ट के मामलों, चोरी-नकबजनी और मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में भी सक्रिय था। इन सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और इसके नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाने में लगी हुई है। जल्द ही इस सिंडिकेट से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
