– 96.17 प्रतिशत के साथ हीना बनी टॉपर, मेधावियों का भव्य सम्मान
हनुमानगढ़। टाउन के रूपनगर स्थित श्री नेहरू मॉडल स्कूल ने एक बार फिर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर अपनी शैक्षणिक श्रेष्ठता साबित की है। कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं के सम्मान में सोमवार को विद्यालय प्रांगण में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, स्टाफ और अभिभावकों की उपस्थिति में मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। समारोह के दौरान होनहार विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर उनका तिलक किया गया, मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया गया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व और खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यालय निदेशक रामकुमार रोकणा ने बताया कि वर्ष 1982 से संचालित यह विद्यालय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम हर वर्ष उत्कृष्ट रहा है और इस बार भी विद्यार्थियों ने इस परंपरा को कायम रखते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा में छात्रा हीना ने 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा महक ने 91.17 प्रतिशत, इशरत बानो ने 89 प्रतिशत, चंचल ने 88.83 प्रतिशत, गगनप्रीत ने 87.33 प्रतिशत, मोहम्मद ईशान ने 87.17 प्रतिशत, भानूप्रताप ने 84.17 प्रतिशत, प्रतिभा ने 82 प्रतिशत तथा प्रीत ने 81.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं अपने अभिभावकों का नाम गौरवान्वित किया।

इसके अतिरिक्त अन्य अनेक विद्यार्थियों ने भी प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में अपना योगदान दिया। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी निरंतर मेहनत करते रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भी विशेष पहचान रही है। स्काउट गतिविधियों एवं इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता में विद्यालय को चार बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हो चुका है, जबकि गार्गी पुरस्कार से सात छात्राओं को सम्मानित किया जा चुका है।

यह विद्यालय के समग्र विकास मॉडल को दर्शाता है। कार्यक्रम में संस्था प्रधान पिंकी सेन, पंकज रोकणा, फौजा, वीरपाल कौर, तारावंती, मंजू, परमिंद्र कौर, प्रीति शर्मा, नजमा बानो, रीतू, पूजा सेन, मोहित रोकणा सहित स्टाफ सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प दोहराया गया।
