हनुमानगढ़। जंक्शन की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर नंबर 8, गली नंबर 7 में निवासियों का जीवन आवारा कुत्तों की हिंसक प्रवृत्ति के कारण संकट में है। कॉलोनी में लगभग 8-10 आवारा कुत्ते दिन-रात लोगों के पीछे दौड़ते हैं और कई बार हमला कर चुके हैं। बुजुर्ग, अस्वस्थ और छोटे बच्चों सहित कॉलोनी के लोग अब सुरक्षित रूप से गलियों में निकलने से डर रहे हैं। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता धन्नेसिंह राठौड़ ने बताया कि आवारा कुत्ते केवल इंसानों को ही नहीं, बल्कि बेसहारा गाय और बछड़ों को भी निशाना बनाते हैं। रात के समय ये कुत्ते कमजोर बछड़े-बछड़ियों को दौड़ा-दौड़ा कर जख्मी कर देते हैं, जिससे पशु भी सुरक्षित नहीं हैं। राठौड़ ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार नगर परिषद और जिला प्रशासन को लिखित और मौखिक रूप से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जिला प्रशासन से माग की कि कॉलोनी और आसपास की गलियों में आवारा कुत्तों की समस्या का तुरंत समाधान किया जाए, ताकि स्थानीय लोग और पशु सुरक्षित रह सकें। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों की सुरक्षा संबंधित विभाग और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है और इस मुद्दे पर शीघ्र ध्यान न दिया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
