हनुमानगढ़। जिले के पल्लू कस्बे में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ फांसी लगा ली। इस घटना में मां और बेटी की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर हालत में बच गया, जिसे ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार सुमन (30) ने अपनी बेटी रितिका (13) और बेटे गीतेश (8) के साथ घर में फांसी लगा ली। घटना में सुमन और रितिका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गीतेश की रस्सी टूटने से उसकी जान बच गई। घटना के समय महिला का पति संदीप पूनिया पशु व्यापार के सिलसिले में रावतसर गया हुआ था। बताया जा रहा है कि संदीप के यहां काम करने वाला एक युवक चाय लेने के लिए घर पहुंचा। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद उसने संदीप को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पड़ोसी छत के रास्ते घर में पहुंचे, जहां तीनों के फांसी पर लटके होने का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभालते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार जीवित बचे गीतेश को सीढ़ियों के पास से नीचे उतारा गया। उसकी हालत गंभीर होने पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से गोलूवाला क्षेत्र का रहने वाला है और संदीप पूनिया पशु व्यापार के कारण परिवार के साथ पल्लू में रह रहा था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
