हनुमानगढ़। टिब्बी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 बोर की एक देशी पिस्तौल बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को अपराह्न करीब 3 बजे सहायक उपनिरीक्षक सुखचैन सिंह पुलिस टीम के साथ बशीर, दौलतपुरा और मल्लड़खेड़ा क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। करीब 3.30 बजे वाटर वर्क्स बशीर के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तरड़ों की छतरियों वाले मोड़ पर एक युवक अवैध पिस्तौल लेकर किसी वाहन का इंतजार कर रहा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। करीब 3.40 बजे पुलिस टीम बशीर से दौलतपुरा जाने वाले मार्ग पर स्थित तरड़ों की छतरियों वाले मोड़ पर पहुंची। वहां एक युवक खड़ा दिखाई दिया, जिसने पुलिस वाहन देखकर कच्चे रास्ते की ओर तेजी से जाने का प्रयास किया। शक होने पर पुलिस ने उसे घेरकर रोक लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम प्रीतम सिंह उर्फ जेला (25) पुत्र कलवंत सिंह रायसिख निवासी चक 9 एफटीपी पीरकामड़िया बताया। तलाशी के दौरान उसकी पहनी हुई लोअर की बाईं जेब से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। जब आरोपी से पिस्तौल का लाइसेंस या वैध अनुमति पत्र मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने पिस्तौल का निरीक्षण किया तो वह संभावित 12 बोर की देशी पिस्तौल निकली। पुलिस के अनुसार पिस्तौल की बैरल 14 सेंटीमीटर, बॉडी 11 सेंटीमीटर तथा बट 8 सेंटीमीटर लंबी पाई गई। पिस्तौल में फायरिंग पिन, हैमर, ट्रिगर और बैरल लॉक कार्यशील अवस्था में मिले तथा हथियार चलने योग्य हालत में पाया गया। पिस्तौल जब्त कर पुलिस ने आरोपी प्रीतम सिंह उर्फ जेला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की जांच सूरेवाला पुलिस चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अमीलाल को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी से हथियार के स्रोत और उसके उपयोग के संबंध में पूछताछ कर रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक सुखचैन सिंह, हेड कांस्टेबल रामपाल, कांस्टेबल राधेश्याम और राजेश शामिल रहे।
