ऐलनाबाद। सी.आर. डी.ए.वी. कन्या महाविद्यालय, ऐलनाबाद में 30 मार्च 2026 को प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा के दिशा-निर्देशानुसार एनएसएस इकाई द्वारा एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य विषय डिजिटल साक्षरता और मोबाइल एडिक्शन (मोबाइल की लत) रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के बीच वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “मोबाइल एडिक्शन: आवश्यकता या अभिशाप” रखा गया, जिसमें एनएसएस वॉलंटियर्स ने अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने बताया कि मोबाइल फोन आज शिक्षा और जानकारी प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है, लेकिन इसका अत्यधिक उपयोग मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर समस्या भी बन सकता है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. भूषण मोंगा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक का उपयोग मानव प्रगति के लिए होना चाहिए, न कि उसकी लत बनने के लिए। उन्होंने मोबाइल के संतुलित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया। वहीं प्रबंधन समिति की सदस्य डॉली मेहता ने भी छात्राओं को डिजिटल युग में जागरूक रहकर सुरक्षित तरीके से तकनीक का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर दीपिका रानी के नेतृत्व में असिस्टेंट प्रोफेसर दीपिका रानी, किरणदीप कौर और सिमरन कौर की देखरेख में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल रूप से साक्षर बनाना और मोबाइल की बढ़ती लत के प्रति जागरूक करना रहा। प्रतियोगिता के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर असिस्टेंट प्रोफेसर प्रभजोत कौर, पूजा, सैफी सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
