भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में अगले दो वर्षों के लिए विभिन्न सदन समितियों का गठन कर दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने वर्ष 2026-27 और 2027-28 की अवधि के लिए नियम समिति, विशेषाधिकार समिति, प्रत्यायुक्त विधान समिति, सदस्यों के शिष्टाचार एवं सम्मान अनुरक्षण समिति तथा महिला एवं बाल कल्याण समिति का गठन किया है। इन समितियों के गठन से विधानसभा की कार्यप्रणाली और अनुशासन से जुड़े मामलों का संचालन सुचारु रूप से किया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण नियम समिति का सभापति स्वयं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर को बनाया गया है। इस समिति में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई वरिष्ठ विधायकों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति के सदस्यों में विधायक गिरीश गौतम, राजेश वर्मा, विश्वनाथ सिंह, श्याम बरडे, अंबरीश शर्मा, सिद्धार्थ तिवारी, डॉ. हिरालाल अलावा, विजय रेवनाथ चौरे और ऋषि अग्रवाल को नामित किया गया है। नियम समिति विधानसभा की कार्यवाही और नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लेने वाली प्रमुख समिति मानी जाती है। वहीं, विशेषाधिकार समिति का सभापति विधायक गायत्री राजे पवार को नियुक्त किया गया है।

इस समिति में विधायक सचिन बिरला, विश्वामित्र पाठक, अमर सिंह यादव, भगवानदास सबनानी, महादेव वर्मा, वीरेन्द्र सिंह लोधी, जयवर्द्धन सिंह, फुन्देलाल सिंह मार्को और आरिफ मसूद को सदस्य बनाया गया है। विशेषाधिकार समिति सदन और उसके सदस्यों के विशेषाधिकारों से जुड़े मामलों की जांच और निर्णय का कार्य करती है। इसके अलावा प्रत्यायुक्त विधान समिति का सभापति रमेश मेंदोला को बनाया गया है। इस समिति में विधायक अनिल जैन (निवाड़ी), नारायण पटेल, सचिन बिरला, संतोष बरकड़े, अरविन्द पटेरिया, मधु गेहलोत, शिवनारायण सिंह, चौधरी सुजीत मेर सिंह, केशव देसाई और वीरसिंह भूरिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। यह समिति सरकार द्वारा बनाए गए अधीनस्थ नियमों और विनियमों की समीक्षा करती है। विधानसभा में सदस्यों के आचरण और गरिमा से जुड़े मामलों के लिए गठित सदस्यों के शिष्टाचार एवं सम्मान अनुरक्षण समिति का सभापति विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह को बनाया गया है। इस समिति में विधायक दिनेश राय मुनमुन, मनोज नारायण सिंह चौधरी, अमर सिंह यादव, इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति, प्रताप ग्रेवाल और भैरो सिंह बापू को सदस्य नामित किया गया है। यह समिति सदन के सदस्यों के व्यवहार, आचार संहिता और सम्मान से जुड़े मामलों की निगरानी करती है। वहीं, महिला एवं बाल कल्याण समिति का सभापति विधायक ललिता यादव को बनाया गया है। इस समिति में सभी महिला विधायकों को सदस्य बनाया गया है। इनमें उमादेवी खटीक, मंजू राजेन्द्र दादू, गंगा सज्जनसिंह उइके, सरला विजेन्द्र रावत, प्रियंका पैंची, कंचन मुकेश तन्वे, छाया मोरे, रामसिया भारती, चंदा सुरेन्द्र सिंह गौर और सेना महेश पटेल शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा गठित इन समितियों का कार्यकाल वर्ष 2026 से 2028 तक रहेगा। इन समितियों के माध्यम से सदन की कार्यवाही को सुव्यवस्थित करने, विधायी प्रक्रियाओं की समीक्षा करने और सदस्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
