ऐलनाबाद। ऐलनाबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को रेल संघर्ष समिति एवं जल सेवा समिति की ओर से ट्रेन नंबर 04735/04736 श्रीगंगानगर से इंदौर (लक्ष्मीबाई नगर) जाने वाली नई समर स्पेशल ट्रेन का भव्य स्वागत किया गया। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अभिनंदन करते हुए लोको पायलटों का फूलमालाओं से स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया। यह ट्रेन निर्धारित समय अनुसार दोपहर 3:17 बजे ऐलनाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इस दौरान रेल संघर्ष समिति और जल सेवा समिति के सदस्यों ने ट्रेन के लोको पायलट रोहिताश मीना और जय राम का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन मास्टर को भी मिठाई खिलाकर उनका आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गर्मी के मौसम में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर पानी पिलाने की सेवा शुरू की जाएगी। यह सेवा समिति द्वारा तीसरी बार संचालित की जाएगी, जिससे भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत मिलेगी। समिति के सदस्यों ने बताया कि दिल्ली जाने वाली ट्रेनों की बढ़ती मांग को लेकर भी जल्द ही मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से मुलाकात कर इस संबंध में चर्चा की जाएगी, ताकि क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने नई रेल सेवा और जल सेवा के सफल संचालन की कामना करते हुए यात्रियों से इन सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
संवाददाता- रमेश भार्गव
