ऐलनाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘मीडिएशन फॉर नेशन 2.0’ अभियान के तहत चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन 90.4 पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता मोहन लाल ने मीडिएशन अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए लोगों को वैकल्पिक विवाद निपटान प्रणाली के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि मीडिएशन के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का समाधान किया जा सकता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ भी कम होता है। इस अवसर पर डिपार्टमेंट ऑफ मास कम्युनिकेशन के राजेश कंबोज भी उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रवेश सिंगला ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा जिले के विभिन्न गांवों में स्थापित लीगल एड क्लीनिकों के माध्यम से इस माह कई जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के दौरान लोगों को प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि शिविरों में एसिड अटैक पीड़ित सहायता योजना, चाइल्ड फ्रेंडली लीगल सर्विसेज, नि:शुल्क कानूनी सहायता सेवाएं तथा मानव तस्करी और व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
संवाददाता- रमेश भार्गव
