ऐलनाबाद। रानियां थाना क्षेत्र में 13 मार्च को बुजुर्ग दंपती के घर हुई दिनदहाड़े लूट की वारदात में शामिल चौथे आरोपी को भी पुलिस ने काबू कर लिया है। सिरसा पुलिस ने मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जानकारी देते हुए रानियां थाना प्रभारी ने बताया कि रानियां के धनुर रोड स्थित वार्ड नंबर 10 की एक ढाणी में चार युवक स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे। आरोपियों ने खुद को बिजली मिस्त्री बताकर घर में प्रवेश किया और पिस्तौल के बल पर घर में मौजूद 13 वर्षीय बच्चे को बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती को जान से मारने की धमकी देकर घर में रखा मोबाइल फोन, लैपटॉप और करीब 8 से 9 हजार रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। पीड़िता गुरदीप कौर पत्नी संतोख सिंह की शिकायत पर रानियां थाना में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अहम सुराग जुटाते हुए वारदात में शामिल चौथे आरोपी सनील कुमार पुत्र चिंरजी लाल निवासी वार्ड नंबर 15, रानियां जिला सिरसा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कापा भी बरामद किया है। गौरतलब है कि इससे पहले पुलिस ने मामले में तीन आरोपी प्रमोद कुमार पुत्र राजेंद्र निवासी ढाणी जोगा सिंह, गुरपिंदर सिंह पुत्र जरनैल सिंह तथा सुखदेव सिंह पुत्र प्रेम सिंह निवासी रानियां को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और मोटरसाइकिल बरामद कर उन्हें जेल भेज दिया था। गिरफ्तार किए गए चौथे आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
संवाददाता- रमेश भार्गव
