हनुमानगढ़। हनुमानगढ़–बठिंडा रेलखंड पर संचालित एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19223 की अत्यधिक यात्रा अवधि, यात्रियों से वसूले जा रहे अधिक किराए और समय सारिणी में सुधार की मांग को लेकर गांव जण्डावाली निवासी एक व्यक्ति ने रेल मंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि ट्रेन संख्या 19223 मात्र 93 किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग 3 घंटे 5 मिनट का समय लेती है, जो सामान्य से काफी अधिक है। वहीं इसी रेलखंड पर संचालित डाउन ट्रेन संख्या 19224 यह दूरी लगभग 1 घंटा 25 मिनट में तय कर लेती है, जबकि पैसेंजर गाड़ियां भी करीब 2 घंटे 20 मिनट में पहुंच जाती हैं। ऐसे में एक्सप्रेस ट्रेन का इतना अधिक समय लेना यात्रियों के लिए असुविधाजनक साबित हो रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि धीमी यात्रा के बावजूद यात्रियों से एक्सप्रेस ट्रेन का अधिक किराया लिया जा रहा है, जो यात्रियों के साथ अन्याय जैसा प्रतीत होता है। जब यात्रा समय पैसेंजर ट्रेनों से भी अधिक हो तो एक्सप्रेस के नाम पर अधिक किराया वसूलना उचित नहीं है। प्रार्थना पत्र में सुझाव दिया गया है कि यदि ट्रेन संख्या 19223 की समय सारिणी में सुधार कर इसे लगभग 1 घंटा 25 मिनट में बठिंडा जंक्शन पहुंचाया जाए तो इसका समय शाम करीब 6 बजे हो सकता है। इस समय बठिंडा जंक्शन पर प्लेटफॉर्म की पर्याप्त व्यवस्था होने के कारण ट्रेन का ठहराव संभव है। उन्होंने यह भी मांग की है कि यदि ट्रेन संख्या 19223 का समय ट्रेन संख्या 20424 के साथ समन्वित कर दिया जाए, जो बठिंडा जंक्शन से शाम 6:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना होती है, तो सूरतगढ़, पीलीबंगा, हनुमानगढ़, संगरिया और डबवाली क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली रूट पर बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। इससे यात्रियों को अनावश्यक प्रतीक्षा से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम हो सकेगी। जण्डावाली निवासी रमनदीप सिंह पुत्र हरजिंद्र सिंह ने रेल मंत्री से मांग की है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 19223 की समय सारिणी में आवश्यक सुधार कर इसे व्यावहारिक बनाया जाए तथा ट्रेन 20424 से लिंक करने की व्यवस्था की जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

